जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, डंडों से पीट-पीटकर युवक की हत्या, 7 आरोपी गिरफ्तार

सिलवानी। थाना बम्होरी क्षेत्र के ग्राम गाडरवाड़ा में जमीन पर खोंडे (खूंटे) गाड़ने की बात को लेकर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर सातों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
फरियादी प्रीति बाई की शिकायत पर मामला दर्ज
मामला 6 नवंबर 2025 को सुबह लगभग 9.30 से 10.10 बजे के बीच ग्राम गाडरवाड़ा में घटित हुआ। फरियादी प्रीति आदिवासी पति साहब सिंह 36 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि जमीन पर खोंडे गाड़ने की बात को लेकर आरोपियों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया।
पति की इलाज के दौरान मौत
फरियादी के अनुसार आरोपियों ने उनके पति साहब सिंह आदिवासी 38 वर्ष, और उनके दोनों बेटों मोहित 13 वर्ष तथा कार्तिक 10 वर्ष के साथ गाली-गलौज कर डंडों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। गंभीर रूप से घायल साहब सिंह को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भोपाल ले जाया गया था जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उसमें हरिराम आदिवासी, शनिराम आदिवासी पिता रामसिंह, अखिलेश आदिवासी पिता रामसिंह, शिवप्रसाद आदिवासी पिता रामसिंह, शंकर सिंह आदिवासी पिता रामसिंह, सुरेन्द्र आदिवासी पिता हरिराम, दयाराम आदिवासी पिता हरिराम सभी निवासी ग्राम गाडरवाड़ा के है।
कई धाराओं में मामला दर्ज
थाना बम्होरी पुलिस ने अपराध क्रमांक 168/25 पर धारा 296-B, 115(2), 351(3), 3(5)BNS तथा इजाफा धारा 103(1) BNS के तहत प्रकरण दर्ज किया है।


