कुएं में मिला महिला का शव : गाय के लिए चारा काटने गई महिला की कुएं में गिरने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
रिपोर्टर : शिवलाल यादव, रायसेन
रायसेन । जिले के थाना सुल्तानगंज में एक महिला की कुएं में डूबने से मौत हो गई। महिला घर से अपनी गाय के लिए चारा काटने गई थी। टेकापार गांव में रामरानी 45 वर्षीय महिला की कुएं में डूबने से मौत हो गई। महिला के पति हजारीलाल यादव ने बताया कि उनकी पत्नी रोज सुबह 6 बजे गाय-भैंस के लिए चारा काटने जाती थी।आज सुबह भी वह 6 बजे घर से निकली और जब सुबह जब 8 बजे तक नहीं लौटी तो उनको खोजने के लिए घर वालों ने प्रयास किया तो देखा कि उनकी चप्पलें और हंसिया घर से थोड़ी दूर पर कुएं के पास कटे हुए चारे के गट्ठर के पास पड़े थे। जब गांव वालों ने कुएं में कांटा डालकर खोजा तो महिला का शव निकला। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा बनाया पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और जांच में जुट गई है।