कृषि

मौसम साफ होते ही रबी फसलों की बोवनी ने पकड़ी रफ्तार, 30 प्रतिशत तक हुई बोवनी

सिलवानी। क्षेत्र में मौसम साफ होते ही रबी फसलों की बोवनी ने रफ्तार पकड़ ली है। सुबह से ही किसान ट्रैक्टर, खाद और बीज लेकर खेतों पर पहुंच जाते हैं तथा देर रात तक बोवनी में जुटे रहते हैं। कृषि विभाग के अधिकारी सुनील मालवीय के
अनुसार अब तक लगभग 30 प्रतिशत चना ,मसूर, सरसों की बोवनी पूरी हो चुकी है।
पिछले सप्ताह लगातार खराब मौसम के कारण किसान बोवनी शुरू नहीं कर पा रहे थे, लेकिन अब मौसम अनुकूल होते ही किसानों ने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है। किसानों का कहना है कि मौसम में बार-बार परिवर्तन हो रहा है, इसलिए वे जल्द से जल्द बोवनी पूरी करना चाहते हैं। कई किसान एक से अधिक ट्रैक्टरों से देर रात तक खेतों में काम कर रहे हैं।
कृषि विस्तार अधिकारी सुनील मालवीय ने बताया कि वर्तमान समय बोवनी के लिए अनुकूल है, इसलिए किसानों को शीघ्र बोवनी पूरी कर लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पूर्व तक क्षेत्र में मात्र 10 प्रतिशत बोवनी हुई थी, जो अब बढ़कर 30 प्रतिशत तक पहुंच गई है।
किसान राजीव रघुवंशी बीटों भैया ने बताया कि इस वर्ष अच्छी वर्षा होने से किसानों को पलेवा करने की आवश्यकता नहीं पड़ी, जिससे बोवनी की गति और बढ़ गई है।
इस समय क्षेत्र में सबसे अधिक चना और मसूर सरसों की बोवनी की जा रही है। इस वर्ष लगभग 55 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों की बोवनी का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें अब तक 12 से 14 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बोवनी पूरी हो चुकी है।
कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों को सलाह दी कि बीज उपचार के बाद ही बोवनी करें। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर तक बोवनी की जा सकती है। वहीं, जिन किसानों की धान की कटाई अभी चल रही है, वे नवंबर के अंत तक बोवनी कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button