गड़ा धन की लालच में तांत्रिक क्रिया के दौरान दी गई नर बलि, तीन आरोपी गिरफ्तार

गुमशुदा विजय जैन हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
ब्यूरो चीफ: शब्बीर अहमद
रायसेन । जिला मुख्यालय से 55 किमी दूर गैरतगंज में सोमवार को शाम करीब 4 बजे नदी किनारे एक शव दबा हुआ मिलने से सनसनी फैल गई थी।
एसडीओपी सोनाली गुप्ता ने बताया कि दिनांक 9.07.2026 को फरियादी द्वारा थाना गैरतगंज में सूचना दी गई कि विजय जैन पिता ताराचंद जैन, उम्र 42 वर्ष, निवासी गैरतगंज बिना किसी को बताए घर से चला गया है। घर पर ताला लगा हुआ था तथा काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। इस पर थाना गैरतगंज में गुमशुदगी दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
थाना प्रभारी डीपी लोहिया गैरतगंज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज परिचितों एवं मित्रों से पूछताछ सहित हर संभव प्रयास किए गए।
दिनांक 13.07.2026को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम परासिया के समीप नदी किनारे एक शव मिट्टी में दबा हुआ है, जिसका हाथ एवं पैर बाहर दिखाई दे रहा है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर मिले कपड़ों का रंग सीसीटीवी फुटेज में विजय जैन द्वारा पहने गए कपड़ों से मेल खाता था। शव का उत्खनन कर परिजनों से शिनाख्त कराई गई, जिसमें मृतक की चप्पल, कपड़े, मोबाइल फोन तथा बायीं कृत्रिम पत्थर की आंख के आधार पर शव की पहचान विजय जैन के रूप में हुई।
घटनास्थल का निरीक्षण एवं विशेष जांच –
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक, एफएसएल, फिंगर प्रिंट एवं डॉग स्क्वॉड की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एसडीओपी बेगमगंज सोनाली गुप्ता के नेतृत्व में थाना प्रभारी निरीक्षक डी.पी. लोहिया एवं अन्य अधिकारियों की विशेष टीम गठित कर मामले की गहन विवेचना की गई।
ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा –
मुखबिर से सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि मृतक की अंतिम मुलाकात प्रहलाद साहू निवासी हिनोतिया खास से हुई थी। संदेही से पूछताछ करने पर उसने हत्या की पूरी साजिश का खुलासा किया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मृतक विजय जैन का परिचित था तथा दोनों के बीच दफीना (गड़ा हुआ धन) निकालने को लेकर बातचीत होती रहती थी।
आरोपी प्रहलाद साहू स्वयं तांत्रिक क्रियाएं करता था। उसके साथ करीम खान निवासी उड़दमऊ तथा प्रहलाद साहू उसका पुत्र टीकम साहू भी इस योजना में शामिल थे।
आरोपियों को ऐसी आशंका थी की ग्राम परासिया नदी किनारे स्थित चबूतरे के पास गड़ा हुआ धन है। इसके बाद तीनों ने योजना बनाकर 07.07.2026 को विजय जैन को गैरतगंज से अपने साथ मोटरसाइकिल पर बैठाकर परासिया नदी के पास ले गए।
वहां प्रहलाद साहू ने तांत्रिक अनुष्ठान प्रारंभ किया और कुछ देर बाद कहा कि “धरती गर्म हो रही है, दफीना बलि मांग रहा है।” इसके बाद तीनों ने मिलकर के विजय जैन के हाथ पैर पकड़ लिए और कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद तीनों आरोपियों ने शव को नदी किनारे गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा मौके से फरार हो गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों में –
प्रहलाद साहू उसका पुत्र टीकम साहू निवासी हिनोतिया खास गैरतगंज , एवं करीम खान निवासी उड़दमऊ गैरतगंज को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त हथियार कुल्हाड़ी, फावड़ा, मोटर साइकिल एवं तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया है।



