मारूताल बायपास पर ऑटो पार्ट्स दुकानदार से सरेआम मारपीट

CCTV फुटेज वायरल
ब्यूरो चीफ : भगवत सिंह लोधी
दमोह। दमयंती नगर तहसील अंतर्गत देहात थाना क्षेत्र की जबलपुर नाका चौकी के मारूताल बायपास मार्ग पर रविवार–सोमवार की दरमियानी रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिसने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अग्रवाल दाल मिल के सामने स्थित एक ऑटो पार्ट्स दुकान के बाहर कुछ युवकों ने खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए दुकानदार और कर्मचारियों के साथ बेरहमी से मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ युवक दुकान के बाहर पहुंचे और दुकानदार मोहसिन खान से गाली-गलौच करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और सौरभ, जतिन, आकाश यादव सहित उनके अन्य साथियों ने दुकानदार पर हमला कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी दबंगई दिखाते हुए मारपीट करते रहे।
बताया जा रहा है कि जान बचाने के लिए जब दुकानदार दुकान के भीतर भागा, तो आरोपी भी पीछे-पीछे अंदर घुस गए और वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ भी हाथापाई की। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोमवार दोपहर से सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट में घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर नाका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कितनी त्वरित और सख्त कार्रवाई करती है, ताकि क्षेत्र में कानून का भय कायम हो सके।



