नौ दिन से लापता आदिवासी युवक की लाश मिली
जानवरों को मारने के लिए खेत में फैले करंट की चपेट में आने से हुई मौत
पुलिस ने तीन पर किया मामला दर्ज, तीन गिरफ्तार
रिपोर्टर : सैयद मसूद पटेल
रायसेन। गैरतगंज तहसील के बेरखेड़ी गांव से एक सप्ताह पहले लापता हुए 30 वर्षीय आदिवासी युवक हुकम सिंह की लाश बरामद हो गई है। युवक की मौत गांव के पास जानवरों को मारने के लिए खेत में फैलाए गए करंट की चपेट में आने से हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बेरखेड़ी का रहने वाला आदिवासी युवक हुकम पिता कल्याणसिंह बीती 21 दिसम्बर की रात मजदूरी पर खेत में पानी देने निकला तथा वापस नहीं लौटा। परिजनों की खोजबीन में न मिलने पर उन्होंने पुलिस में युवक के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस की जांच पड़ताल में पता चला कि बेरखेड़ी के रहने वाले अवधनारायण धाकड़ उर्फ मुकद्दम के खेत में जानवरों को मारने के लिए फैलाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हुई तथा वहां काम करने वाले अशोक सपेरा एवं दिनेश सपेरा ने युवक की मौत हो जाने के बाद उसकी लाश को गांव से लगे जंगल की पहाड़ी पर जिंद बाबा के स्थान पर फेंक दिया। एसडीओपी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घटना का पता न चले इसलिए युवक की लाश को अन्य स्थान पर फिकवा दिया गया था। किंतु पुलिस जांच पड़ताल में सारे मामले का खुलासा हो गया। पुलिस ने लाश बरामद कर पीएम के बाद परिजनों को सौंप दी है। पुलिस टीआई डीडी आजाद ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। जिसमें आरोपी अशोक सपेरा एवं दिनेश सपेरा को गंज बासौदा से एवं करंट फैलाने वाले आरोपी खेत मालिक अवधनारायण धाकड़ उर्फ मुकद्दम को बेरखेड़ी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। तथा प्रकरण में समुचित कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में एसडीओपी सुनील वरकड़े, टीआई डीडी आजाद, एसआई चन्द्रमोहन मर्सकोले, एएसआई वरुण सक्सेना, एएसआई मलूषचन्द्र धुर्वे, आरक्षक आरिफ खान, अजीत राय, रमेश गौर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।



